दीवार तोड़कर मोटर और स्टार्टर उठा ले गए दबंग, किया नलकूप पर कब्जा, एसपी से न्याय की गुहार
सुल्तानपुर। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हड़हा से पारिवारिक विवाद और जबरन कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित विनोद चन्द्र पाण्डेय ने अपने सगे भाई बृजेश चन्द्र पाण्डेय पर निजी नलकूप को क्षतिग्रस्त करने, सामान चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायती पत्र सौंपा है।
पीड़ित विनोद चन्द्र पाण्डेय (पुत्र बलराम पाण्डेय) के अनुसार, ग्राम खानीपुर में स्थित उनकी भूमि पर एक पंजीकृत विद्युत कनेक्शन (3 एचपी) है, जो कि विनोद चंद्र पाण्डेय पर नाम दर्ज है। आरोप है कि बीती 31 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10 बजे उनके भाई बृजेश चन्द्र पाण्डेय ने जबरन दीवार तोड़ दी और नलकूप में लगी मोटर व स्टार्टर सहित सभी सामान निकाल ले गए। पीड़ित का दावा है कि इस पूरी घटना के साक्ष्य उनके पास डिजिटल कैमरे में सुरक्षित हैं। शिकायती पत्र में उल्लेख है कि घटना के वक्त जब पीड़ित ने मदद के लिए 112 डायल किया, तो पुलिस सहायता आने से पहले ही आरोपी ने पीड़ित को बुरी तरह मारा-पीटा। पुलिस मामले को थाने (शिवगढ़) ले गई, जहां 151 धारा के तहत कार्रवाई कर आरोपी को छोड़ दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने दोबारा पीड़ित और उसके परिवार को जान-माल की धमकी दी और नलकूप पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया। पीड़ित ने बताया कि उक्त भूमि के बंटवारे का मामला एसडीएम न्यायालय लम्भुआ में पहले से ही विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपी बृजेश चन्द्र पाण्डेय अतिक्रमण कर अपने हिस्से से ज्यादा जमीन हड़पना चाहता है। पीड़ित ने एसपी को दिए पत्र में आशंका जताई है कि यदि भविष्य में उसके या उसके परिवार के साथ कोई अनहोनी या दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी आरोपी भाई की होगी।विनोद चन्द्र पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक से इस पूरे मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और उनका चोरी व कब्जा किया गया नलकूप का सामान वापस दिलाया जाए।
Post a Comment