धनौरा में कॉलेज खोलने की मांग फिर हुई तेज, डॉ. नवल किशोर श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
सिवनी। जिले के आदिवासी बाहुल्य विकासखंड धनौरा मुख्यालय में शासकीय कॉलेज की स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। लंबेजी समय से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा कॉलेज की स्वीकृति और निर्माण की मांग उठाई जाती रही है, लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हो सकी है।
भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. नवल किशोर श्रीवास्तव लगातार इस मुद्दे को प्रशासन और शासन के समक्ष उठाते रहे हैं। वे विभिन्न प्रशासनिक कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों को ज्ञापन एवं स्मरण पत्र सौंपकर धनौरा में कॉलेज की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने की मांग करते रहे हैं।
इसी क्रम में विगत दिवस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिवनी प्रवास के दौरान भी डॉ. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर धनौरा में शासकीय कॉलेज खोले जाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इससे पहले तत्कालीन सिवनी कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने भी उनके आवेदन को आधार बनाते हुए मध्यप्रदेश शासन के उच्च अधिकारियों को धनौरा में कॉलेज खोले जाने के संबंध में अग्रिम कार्रवाई हेतु पत्र प्रेषित किया था।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखे जाने के बाद धनौरा में शासकीय कॉलेज की स्थापना की दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
Post a Comment