जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश एवं सुनी जनसमस्याएं
केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। मैरवा पहुंचे जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बुधवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि महत्वपूर्ण परियोजना होने के कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से इसे पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संवाद कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मैरवा क्षेत्र में लो वोल्टेज, जलजमाव, राशन वितरण में आ रही परेशानियों तथा वृद्धावस्था पेंशन का चार महीने से भुगतान लंबित रहने का मामला जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सेवतापुर क्षेत्र में औद्योगीकरण की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए विकास कार्यों को गति देने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया।
मझौली चौक पर खुलेआम मांस-मछली की बिक्री का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा गया। जनप्रतिनिधियों ने इससे जुड़ी स्थानीय समस्याओं की जानकारी दी। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने भवन विहीन एवं किराये के मकानों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटतम विद्यालयों में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए। वहीं, जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अभी तक भवन उपलब्ध नहीं है, उनके लिए भूमि चिन्हित कर भवन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने एनीमिया से बचाव के लिए संचालित योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने योजना का लाभ निर्धारित लोगों तक पहुंचाने तथा इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सालय की चिकित्सा वैन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने पशुओं की ट्रैकिंग एवं टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पशु चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के टीकाकरण अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोगों से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा हैं, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं।
डीएम ने स्पष्ट किया कि डीजे एवं धारदार हथियारों का प्रदर्शन वर्जित है। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के मैरवा दौरे के दौरान विकास योजनाओं, जनसमस्याओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, जलजमाव, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आगामी त्योहारों की तैयारियों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस मौके पर मैरवा अंचल अधिकारी गौतम सिंह प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप सौरव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चिकित्सक डॉ प्रकाश कुमार प्रखंड प्रमुख वीरेंद्र भगत मुखिया अजय चौहान जदयू नेता मदन बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Post a Comment