⚡ ब्रेकिंग News

सत्थिन के अखाड़े में दहाड़े देशभर के पहलवान, बाबर ने राजन को चित कर जीते 21 हजार, 51 हजार और चांदी की गदा पर विक्रांत का कब्जा

सत्थिन के अखाड़े में दहाड़े देशभर के पहलवान, बाबर ने राजन को चित कर जीते 21 हजार, 51 हजार और चांदी की गदा पर विक्रांत का कब्जा

केएमबी खुर्शीद अहमद
बाजार शुक्ल, अमेठी। थाना क्षेत्र बाजार शुक्ल अंतर्गत ग्राम पंचायत सत्थिन में शुक्रवार को आयोजित विराट राष्ट्रीय एकता कुश्ती दंगल ने पूरे क्षेत्र में रोमांच की लहर दौड़ा दी। सुबह से ही दंगल स्थल पर कुश्ती प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी और मुकाबले शुरू होते ही पूरा परिसर तालियों, नारों और पहलवानों के दांव-पेच से गूंज उठा। स्थानीय ग्रामीणों के अलावा आसपास के जनपदों से हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने देर तक अखाड़े में हुए रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया।
दंगल का शुभारंभ जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने अखाड़े में पहुंचे पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी रही।
दंगल के सबसे चर्चित मुकाबलों में बाबर पहलवान और राजन पहलवान की भिड़ंत रही। दोनों के बीच जोरदार संघर्ष हुआ, लेकिन बाबर ने शानदार दांव लगाते हुए राजन को अखाड़े में चित कर दिया। बाबर की इस जीत पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और उन्हें 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं दंगल में विक्रांत पहलवान अपनी भारी-भरकम कद-काठी के चलते आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रहे। उनकी ताकत और विशाल शरीर को देखकर दर्शकों में खासा कौतूहल रहा, लेकिन उनके वजन और कद के अनुरूप जोड़ीदार नहीं मिलने के कारण मुकाबला नहीं हो सका। इसके बावजूद आयोजकों ने उनके प्रदर्शन और मौजूदगी को सम्मान देते हुए 51 हजार रुपये नगद और चांदी की गदा देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय एकता की थीम पर आयोजित इस दंगल में पंजाब के ठाकुर परमिंदर सिंह उर्फ चीमा पहलवान, राजस्थान के सोमवीर पहलवान, अयोध्या हनुमानगढ़ी के उमाशंकर बाबा पहलवान, नेपाल के नागेंद्र थापा पहलवान, दिल्ली के खुशीपाल पहलवान, बिहार की सरिता पहलवान के साथ बाबर और राजन पहलवान ने भी अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। अलग-अलग राज्यों और नेपाल से आए पहलवानों की मौजूदगी ने दंगल को खास बना दिया।
आयोजन के दौरान विधायक सुरेश पासी ने विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने विशंभर पट्टी की सीसी रोड समेत क्षेत्र में विकास कार्यों पर अपना फोकस बताया और विद्युत विभाग की नई परियोजनाओं से भी लोगों को अवगत कराया।
दंगल के मुख्य आयोजक एवं ग्राम प्रधान इफ़्तिख़ार अहमद उर्फ गुड्डू भाई ने सभी पहलवानों, अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, संभ्रांत नागरिकों, इष्ट मित्रों और शुभचिंतकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाजार शुक्ल पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस टीम ने आयोजन स्थल पर लगातार निगरानी रखते हुए व्यवस्था संभाली।
जोरदार मुकाबलों के बाद विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दंगल के समापन तक मैदान दर्शकों से भरा रहा और पहलवानों के दांव-पेच की चर्चा देर शाम तक क्षेत्र में होती रही। सत्थिन का यह दंगल महज कुश्ती का मुकाबला नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर जोड़ने वाला राष्ट्रीय एकता का संदेश भी बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...