मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, सांप के डसने से 28 वर्षीय महिला की मौत
बाजार शुक्ल, अमेठी। घर में रोजमर्रा के काम के दौरान एक 28 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। महिला की मौत से परिवार में मातम पसरा है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है।हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ग्राम पंचायत सत्थिन के ग्राम सभा विशंभर पट्टी में हुआ। बताया जा रहा है कि अनसूया सोनकर सुबह घर में रखा हार्पिक निकालने के लिए दराज में हाथ डाल रही थी। इसी दौरान दराज में पहले से छिपे सांप ने उसकी उंगली में डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजन बिना देर किए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।महिला की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पति गोविंद कुमार समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे करीब एक वर्षीय बेटी लक्ष्मी और करीब डेढ़ वर्षीय बेटे रितिक को छोड़ गई है। मां की अचानक मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया। बरसात के मौसम में अक्सर सांप सुरक्षित जगह की तलाश में घरों के भीतर घुस जाते हैं। ऐसे में बंद दराज, पुराने सामान के ढेर, कपड़ों, लकड़ी अथवा अंधेरी जगहों में हाथ डालने से पहले अच्छी तरह जांच करना जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी ऐसे दर्दनाक हादसों को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।
Post a Comment