केएमबी न्यूज़ की खबर का दिखा असर: जलभराव क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम अमेठी
तिलोई,अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र के ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर प्रकाशित किसान मजदूर भावना हिंदी दैनिक समाचार पत्र की खबर का बड़ा असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और आज जिलाधिकारी अमेठी ने पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर जलभराव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने जल निकासी की समस्या और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी अधिकारियों को दी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ड्रेन की तत्काल सफाई कराने, जल निकासी की व्यवस्था बेहतर करने तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इस दौरान अमेठी पुलिस अधीक्षक सरवनन टी., एसडीएम तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, तहसीलदार तिलोई अभिषेक यादव तथा क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और किसानों की समस्याएं सुनने के बाद ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ड्रेन की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त होने से जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।किसान मजदूर भावना हिंदी दैनिक समाचार पत्र (KMB NEWS)की खबर के बाद प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण किए जाने को क्षेत्र में खबर के असर के रूप में देखा जा रहा है।
إرسال تعليق