चाकू लगने से किशोर की इलाज के दौरान मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों का हंगामा
देवरिया। भटनी थाना क्षेत्र में गांव के विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल 16 वर्षीय किशोर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोपलगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक की पहचान भटनी निवासी सागर उर्फ भूवर (16) पुत्र रंजीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे गांव में हुए विवाद के दौरान सागर पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल सागर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां से उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजने की सलाह दी थी।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान एक निजी एंबुलेंस ड्राइवर उन्हें समझाकर शहर केएक निजी अस्पताल ले गया, जहां सागर को भर्ती कर लिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। परिवार का कहना है कि चिकित्सकों के कहने पर रातभर में करीब 18 यूनिट रक्त की व्यवस्था की गई। कई रिश्तेदारों और परिचितों ने रक्तदानकिया। लगभग चार से पांच घंटे तक ऑपरेशन चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद सागर की जान नहीं बचाई जा सकी। उसकी मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
किशोर की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार, सदर कोतवाल राकेश राय और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि चाकूबाजी की घटना और इलाज से जुड़े सभीपहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सागर दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
إرسال تعليق