टिकरी ग्रामपंचायत के अलग-अलग पुरवा में चोरों का आतंक, कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ किया साफ
तिलोई,अमेठी। थाना शिवरतनगंज अंतर्गत चोरों का आतंक जारी है। बीते शुक्रवार की रात चोरों ने टिकरी ग्रामसभा के कई गांवों को निशाने पर रखा। काली घनी अंधेरी रात का फायदा उठाते हुए बैशन पुरवा (छोटी कुसुंभी) निवासी राम बहादुर रावत के घर को निशाने पर रखते हुए घर के पीछे सेंध काटी और घर में दाखिल हो गए। घर में बक्सों के अंदर रखे हुए कीमती सामान और जेवरात उड़ा ले गए। वहीं इसी रात में दूसरी घटना बगल के गांव जहूर पुरवा में नकछेद रावत के यहां हुई जहां चोरों ने घर के सामने का ताला काट दिया और घर में घुस गए। घर के अंदर दर्जनों बोरी धान, गेहूं के साथ कीमती सामान उड़ा ले गए। कुम्हारन पुरवा निवासी मो सत्तार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया लेकिन यहां उनकी दाल गलाई नहीं गली। देखा जाय तो ये चोर गांव के किनारे वाले घरों को टारगेट कर रहे हैं। लगातार हो रही इन चोरियों से गांवों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों की मानें तो गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बीते दिनों अलग-अलग गांवों में हुई चोरियों का शिवरतनगंज प्रशासन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाया है। पुलिस प्रशासन के इस निरंकुश रवैए से लोगों में काफी नाराजगी है।इन चोरियों के संबंध में जब शिवरतनगंज थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा इन चोरियों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस ने टीम गठित कर दी है।चोरों को पकड़ना पुलिस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी गस्त बढ़ा दी है। ये चोर पुलिस के लिए एक चुनौती बन गए हैं। जल्द ही हम इन चोरियों का खुलासा भी करेंगे।
إرسال تعليق