.
कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से किया संवाद
देवरिया। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन, गोरखपुर द्वारा वर्तमान सामाजिक परिदृश्य के दृष्टिगत जोन के प्रत्येक थाने पर कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) का गठन किया गया है।इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों के नेतृत्व में थानों पर गठित कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रांतर्गत जाकर बुजुर्गों एवं वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया गया। उनसे संपर्क हेतु मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के घरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर उनसे आत्मीय वार्ता की गई तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, सामाजिक समस्या, साइबर अपराध, धोखाधड़ी अथवा अन्य किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। साथ ही उनकी सुरक्षा हेतु उन्हें पुलिस हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन सहायता नंबरों तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव निस्तारण किया गया तथा शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज एवं पुलिस के मध्य विश्वास और समन्वय को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। जनपद देवरिया पुलिस द्वारा भविष्य में भी कम्यूनिटी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ सतत संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास जारी रखे जाएंगे।
إرسال تعليق