⚡ ब्रेकिंग News

किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा मांग पत्र, समस्याओं के समाधान की मांग

किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपा मांग पत्र, समस्याओं के समाधान की मांग

केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने 10 अगस्त 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो एवं अन्य विरोध कार्यक्रमों के दौरान किसानों और मजदूरों की स्थानीय समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी अमेठी को मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में किसानों ने जनपद में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने, बरसात की कमी को देखते हुए सभी माइनरों में टेल तक लगातार पानी पहुंचाने तथा जिन किसानों के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, उनके रिचार्ज की राशि समाप्त होने के बाद कनेक्शन काटने से पहले उचित सूचना देने की मांग की।
किसानों ने धान की फसल में आवारा पशुओं के बढ़ते प्रकोप और सड़कों पर सांडों के आतंक को देखते हुए उनकी समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में मनमाने तरीके से गलत रिपोर्ट लगाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। मांग पत्र में किसानों के गाटों का गलत ढंग से किए गए अंश निर्धारण को राजस्व विभाग द्वारा गांवों में कैंप लगाकर दुरुस्त कराने, किसानों को खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बटाईदार और बिना फार्म आईडी वाले किसानों को खाद से वंचित न किए जाने की मांग शामिल रही। साथ ही सोसाइटी और इफको केंद्रों पर खाद की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई।
किसानों ने गांवों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिन किसानों की किसान सम्मान निधि काट दी गई है, उनके गांव में कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान कराने की भी मांग की।
इस अवसर पर किसान नेता राकेश कुमार मिश्र, संजय कुमार, सूरज पाल यादव, शिव कुमार पांडेय, प्रेम अचल, सतीश चंद्र मिश्र, गया प्रसाद सहित विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...