शारदा सहायक नहर में वृद्ध महिला के गिरने की आशंका, पुलिस व SDRF टीम ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान
शिवगढ़। थाना क्षेत्र के मलाक तुलापुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वृद्ध महिला के शारदा सहायक नहर में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन एवं एसडीआरएफ की टीम ने नहर में खोजबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मलाक तुलापुर गांव निवासी कमली, पत्नी स्वर्गीय अयोध्या, नहर के पास मदार का पत्ता तोड़ने के लिए गई थीं। काफी समय बीतने के बाद जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर के पास उनका डंडा पड़ा मिला। इससे परिजनों और ग्रामीणों को आशंका हुई कि कहीं वह नहर में न गिर गई हों।
परिजनों ने तत्काल 112 नंबर और शिवगढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू कराई। इसके बाद गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो नहर में वृद्ध महिला की तलाश में जुटी हुई है।ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस एवं एसडीआरएफ टीम द्वारा लगातार नहर में खोज अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक वृद्ध महिला कमली का कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच एवं तलाश जारी है।
إرسال تعليق