"मेरे सपनों का विकसित भारत" पर प्रतियोगिता संपन्न
भलुवनी,देवरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को राष्ट्र सेवा संकल्प अभियान के रूप में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 13 गतिविधियां होनी हैं, जिनका चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में छात्रों को देश के विकास से जोड़ने हेतु विकासखंड भलुवनी के गांधी सभागार में प्राथमिक स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का विषय “मेरे सपनों का विकसित भारत” रखा गया था। इस प्रतियोगिता में विकासखंड के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रत्येक विद्यालय से चयनित विद्यार्थियों ने आज ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने अपने मस्तिष्क में संजोए विकसित भारत के सपने को चार्ट पेपर पर चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश कुशवाहा के दिशा-निर्देश में राम प्रवेश, राजीव मल, राजेश्वर सिंह, नन्हे सिंह एवं ऋषभ यादव की चयन समिति ने चित्रों का अवलोकन करने के बाद परिणाम घोषित किए। जिसमें आयुष शर्मा, उच्च प्राथमिक विद्यालय खिरसर ने प्रथम, कुमारी साक्षी सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवधरिया ने द्वितीय तथा कुमारी खुशबू,उच्च प्राथमिक विद्यालय रारछोटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खंड शिक्षा अधिकारी सत्य प्रकाश कुशवाहा ने सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने बताया कि आज की प्रतियोगिता में सफल हुए विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना होगा तथा जिले से चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जहां चयनित प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रणव कुमार दुबे, पूर्व अध्यक्ष डॉ. अष्टभुजा श्रीवास्तव एवं पूर्व प्रधान जितेंद्र सागर की निगरानी में संपन्न हुई।प्रतियोगिता संपन्न कराने में डॉ. अरविंद कुशवाहा, जय गोविंद सिंह, ओम प्रकाश कुशवाहा, मनीष कुशवाहा, बनारसी प्रजापति, जय प्रकाश यादव, अमित कुमार, सत्य प्रकाश, क्षमाकांत शुक्ला, संजय सिंह सहित सभी शिक्षकों का सहयोग रहा।
Post a Comment