मंडलायुक्त ने किसान सहकारी चीनी मिल सहित अन्य परियोजनाओं का निरीक्षण कर दिए जरूरी निर्देश
सुलतानपुर 16 दिसम्बर।मण्डलायुक्त अयोध्या मण्डल अयोध्या गौरव दयाल का जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट वैशाली चोपड़ा सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में निरीक्षण भवन लो0नि0वि0 में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। तत्पश्चात आयुक्त महोदय द्वारा जिला सहकारी बैंक लि0 सुलतानपुर(मुख्यालय), 50 लाख से अधिक लागत की परियोजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन राजकीय बालिका आई.टी.आई. कॉलेज, वि0ख0 दूबेपुर, सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट, दूबेपुर व किसान सहकारी चीनी मिल लि0 टेढुई का निरीक्षण किया गया। आयुक्त महोदय द्वारा 50 लाख से अधिक लागत की परियोजना के अन्तर्गत निर्माणाधीन राजकीय बालिका आई.टी.आई., वि0ख0 दूबेपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एकेडमिक ब्लाक, का निर्माण, (भू-तल 11 कक्ष एवं 2 टायलेट, प्रथम-तल पर 12 कक्ष एवं 2 टायलेट व द्वितीय-तल पर 9 कक्ष एवं 2 टायलेट), वर्कशाप का निर्माण, 02 नग टाईप-I आवास का निर्माण, 01 नग टाईप-3 आवास का निर्माण, गार्ड रूम का निर्माण, बाउण्ड्रीवाल (483 मीटर) का निर्माण कार्य, ओवर हेड टैंक (20 किलो लीटर) के निर्माण कार्य का अवलोकन किया गया। उक्त निर्माण कार्य की कार्यदायी संस्था यू0पी0 पी.सी.एल. निर्माण इकाई अयोध्या है। आयुक्त महोदय द्वारा सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त की गयी। कार्यदायी संस्था के जे.ई. द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना की कुल लागत रू0 1260.00 लाख है, जिसमें (केन्द्र रू0 756.00 + राज्यांश रू0 504.00 लाख) वर्कशाप का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, एकेडमिक ब्लाक का फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। कार्य पूर्ण कराने की तिथि के बारे में सम्बन्धित द्वारा अवगत कराया गया कि जून, 2025 तक कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।आयुक्त महोदय ने निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ससमय कराना सुनिश्चित करें, जिससे यथाशीघ्र पूर्ण रूप से संचालित किया जा सके। इसके पश्चात आयुक्त महोदय द्वारा गोमती एक्शन प्लान के अन्तर्गत निर्मित सीवरेज ट्रीटमेन्ट प्लान्ट, दूबेपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा ट्रीटमेन्ट प्लान्ट के सभी तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की गयी। उक्त कार्य जल जीवन मिशन(ग्रामीण) के द्वारा कराया गया है। सम्बन्धित द्वारा अवगत कराया गया कि शहर के नालो से आने वाले प्रदूषित जल का शोधन उक्त प्लांट में किया जाता है। उन्होंने बताया कि उक्त सीवरेज प्लांट एस.टी.पी. ऑक्शीडेंसन पॉन्ड तकनीकि पर आधारित है। आयुक्त महोदय द्वारा ट्रीटमेन्ट की शोधन क्षमता के बारे में सम्बन्धित से जानकारी प्राप्त की गयी। आयुक्त महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान ट्रीटमेन्ट प्लान्ट में बने मार्ग को सही कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया जाय कि उक्त कार्य को सही करायें। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई व सीवरेज प्लांट की देख-रेख हेतु विशेष रूप से निर्देश दिये।
आयुक्त महोदय द्वारा किसान सहकारी चीनी मिल लि0 टेढुई का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, गन्ने की उपलब्धता, पेराई क्षमता, क्रय केन्द्र, गन्ना मूल्य भुगतान, उत्पादन क्षमता, मिल की वित्तीय हानिया आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। सम्बन्धित द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त मिल की पेराई की क्षमता 1280 टन गन्ना प्रतिदिन की है। गन्ना एरिया 2024-25 में 2524 हेक्टेयर है। 02 गन्ना क्रय केन्द्र वर्तमान में संचालित है। आयुक्त महोदय द्वारा सम्बन्धित को निर्देशित करते हुए कहा कि परिसर की साफ-सफाई को और बेहतर किया जाय। उन्होंने मिल को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने हेतु सभी आवश्यक उपाय किये जाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त अयोध्या मण्डल अयोध्या विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0 एवं रा0) एस. सुधाकरन, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर विपिन द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लाल चन्द्र, जिला गन्ना अधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Tags
विविध समाचार