महाकुंभ का असर: वाहनों के दबाव से हांफ रही सड़कें, चौतरफा जाम ही जाम, ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी
सुल्तानपुर। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ स्नान के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने सुल्तानपुर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया है। अयोध्या की ओर जाने वाले सभी मार्ग जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।
रूट डायवर्जन फेल, भारी दबाव में ट्रैफिक व्यवस्था
यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया था, लेकिन श्रद्धालुओं की अपेक्षा से अधिक संख्या में आने के कारण ये प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। जिले की सड़कों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कें भी वाहनों के दबाव से जूझ रही हैं। प्रमुख स्थानों जैसे प्रतापगंज, अहिमाने, पयागीपुर, हनुमानगंज, लोलेपुर, टांटिया नगर कटका, गुप्तारगंज, कूड़ेभार और जमोली जैसे इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बना है। ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम नाकाफी साबित होने के बाद सिविल पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जिले के हर चौराहे और सीमाओं पर पुलिसकर्मी दिन-रात ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में लगे हुए हैं।
खुद मैदान में उतरे डीएम और एसपी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने जगह-जगह निरीक्षण कर पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
होटल और ढाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सड़कों के साथ-साथ होटल और ढाबों पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दर्शनार्थी अपनी यात्रा के दौरान हर संभव स्थान पर विश्राम और भोजन की व्यवस्था तलाश रहे हैं, जिससे होटल और ढाबा संचालकों को भी भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं की उम्मीद से अधिक बढ़ी भीड़
महाकुंभ और अयोध्या दर्शन के इस संगम ने यात्री वाहनों की संख्या को अनुमान से कहीं अधिक बढ़ा दिया है। प्रशासन और पुलिस के लगातार प्रयासों के बावजूद यातायात सुगम बनाना चुनौती बन गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस बल को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सुल्तानपुर में महाकुंभ और अयोध्या दर्शन का यह असर लंबे समय तक याद रखा जाएगा। प्रशासनिक व्यवस्था और श्रद्धालुओं की संख्या के बीच संतुलन बनाना वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
भीषण जाम में फंसे एडीजी ट्रैफिक, पैदल चलने को हुए विवश- प्रयागराज महाकुंभ को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने सुल्तानपुर जिले के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-330 (प्रयागराज-अयोध्या हाईवे) पर कटकाखानपुर से कूरेभार तक सुबह से लगा भीषण जाम पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बन गया। जाम में एडीजी ट्रैफिक के. सत्यनारायण भी फंस गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि उन्हें पुलिस वाहन से उतरकर पैदल चलना पड़ा। उनके साथ कूरेभार थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे भी जाम में फंसे नजर आए।
एम्बुलेंस भी फंसी, थानाध्यक्ष ने दिलाया रास्ता
भीषण जाम के कारण जीवनदायिनी एम्बुलेंस भी लंबी कतारों में फंसी रहीं। कूरेभार थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिलाने का प्रयास किया। जाम से बाहर निकलने के बाद एडीजी ट्रैफिक के. सत्यनारायण और थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों से अपील की कि यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें। वे खुद यातायात को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे दिखे।
पुलिस की कड़ी मशक्कत जारी
द्वारिकागंज और कूरेभार क्षेत्र में पुलिस लगातार वाहनों की भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या इतनी अधिक है कि व्यवस्था चरमराई हुई नजर आ रही है।
Tags
विविध समाचार