बिछुआ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन
बिछुआ। आदिवासी बहुल बिछुआ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आज सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने तहसीलदार महोदय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र की विभिन्न गंभीर समस्याओं के समाधान की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बिछुआ आदिवासी विकासखण्ड होते हुए भी अब तक किसी भी आदिवासी महापुरुष की प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है। प्रशासन से शीघ्र ही स्थान निर्धारित कर प्रतिमा लगाने की मांग की गई।
इसी तरह हाल ही में आदिवासी युवक संजू इनवाती पर शेर ने हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ज्ञापन के माध्यम से उसे शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की गई।
बिछुआ शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र में स्थायी स्वीपर की व्यवस्था नहीं होने से साफ-सफाई की स्थिति खराब बनी हुई है। ग्रामीणों ने इस समस्या का त्वरित निराकरण करने की अपील की।
साथ ही ग्राम पंचायत गुमतरा में आदिवासी हितग्राहियों के साथ हो रहे शोषण की शिकायत करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल निलंबन एवं कठोर कार्रवाई की मांग रखी गई।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि आदिवासी वीर शहीद राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर प्रतिवर्ष शासकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान से प्रेरणा ले सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि उपरोक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर क्षेत्र की आदिवासी जनता को राहत प्रदान की जाए।
Tags
विविध समाचार
