गैर कानूनी ढंग संचालित हो रहे स्कूलों को बीएसए का नोटिस, तीन दिन में मांगा अभिलेख
केएमबी ब्यूरो
सुलतानपुर। जनपद में बिना मान्यता गैर कानूनी ढंग से संचालित हो रहे स्कूलों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र गुप्ता ने जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे 19 विद्यालयों को नोटिस जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि विद्यालय प्रबंधक मान्यता संबंधी अभिलेख तीन दिन के भीतर खण्ड शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराएं। बीएसए उपेन्द्र गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि यदि विद्यालय को मान्यता प्राप्त है तो उसकी प्रमाणित छायाप्रति अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। वहीं जिन स्कूलों को मान्यता प्राप्त नहीं है,उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में विद्यालयों ने अनुपालन नहीं किया तो विभागीय नियमों के तहत उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रूप से संचालित स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags
विविध समाचार
