दिल्ली में वाहन दुर्घटना में युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम, रो रोकर बुरा हाल
अमेठी। पूर्व प्रधान उत्तर पारा तिलोई महेश प्रताप सिंह (बबूल सिंह) के भतीजे सत्यम सिंह का दिल्ली में वाहन दुर्घटना के दौरान 28 तारीख को आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव पूरे बैस (अड्डा), अलाईपुर में पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। परिजनों के अनुसार सत्यम सिंह दिल्ली में रहकर अपने कार्य में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि 28 तारीख को एक वाहन दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। जैसे ही घटना की सूचना गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और रिश्तेदारों व शुभचिंतकों का तांता लग गया। अंतिम संस्कार के दौरान गांव का माहौल गमगीन रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार, मित्र और क्षेत्र के गणमान्य लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को ढांढस बंधाया। महेश प्रताप सिंह (बबूल सिंह) सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि सत्यम सिंह मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे, जिनकी असमय मौत से गांव ने एक होनहार युवा को खो दिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
Tags
दुर्घटना समाचार