अमेठी में शादी समारोह के बीच एक लाख रुपये से भरा बैग लूटकर बदमाश फरार
अमेठी। जनपद में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दूल्हे के पिता के हाथ से एक लाख रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिवारीपुर करनाईपुर गांव निवासी पूर्व शासकीय अधिवक्ता रंगनाथ मिश्रा के पुत्र दीपक मिश्रा की बारात अमर मैरिज लॉन में आई हुई थी। शुक्रवार रात लगभग 10 बजे गाजे-बाजे के साथ ककवा रोड स्थित कटरा राजा हिम्मत सिंह से बारात निकली थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक बदमाश ने रंगनाथ मिश्रा के हाथ में पकड़ा हुआ रुपयों से भरा बैग झपट लिया और मौके से भाग निकला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। जैसे ही आरोपी बैग लेकर पहुंचा, तीनों बदमाश बाइक से तेज रफ्तार में फरार हो गए।घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
إرسال تعليق