राष्ट्रीय महिला आयोग के संरक्षण में विवाह पूर्व संवाद केंद्र- "तेरे मेरे सपने" का उद्घाटन समारोह संपन्न
सुलतानपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के संरक्षण और मार्गदर्शन में, संस्था गोल्डन फाउंडेशन एजुकेशनल एंड सोशल डेवलपर सोसाइटी द्वारा संचालित ‘विवाह पूर्व संवाद केंद्र - तेरे मेरे सपने’ (Pre-Marital Communication Centre) का औपचारिक उद्घाटन सुलतानपुर में संपन्न हुआ। यह केंद्र आधुनिक समाज में वैवाहिक संबंधों के बीच बढ़ते तनाव और संवाद की कमी को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य विवाह से पूर्व जोड़ों को बेहतर समझ, प्रभावी संवाद और आपसी सम्मान के प्रति जागरूक करना और उन्हें विशेषज्ञ काउंसलिंग प्रदान करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और प्रतिभागी
उद्घाटन समारोह की शुरुआत, समारोह की मुख्य अतिथि मोहतरमा हंसमती, महिला थाना प्रभारी सुलतानपुर के द्वारा फीता काट कर की गई। इस अवसर को संबोधित करते हुए महिला थाना प्रभारी ने कहा कि “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विवाह हेतु इच्छुक युवाओं को मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार कर विवाह पूर्व सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है, जिससे एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।”
इस अवसर पर ‘विवाह पूर्व संवाद केंद्र’ के केंद्र प्रभारी इश्तियाक खान द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया तथा केंद्र प्रभारी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि विवाह के बाद के जीवन को सुखी और स्थिर बनाना है। राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन में हम सुलतानपुर और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को एक सही दिशा देने का प्रयास करेंगे।” उद्घाटन समारोह में सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित वरिष्ठ अधिवक्ता एम. एम. गौरी खान, आज़र विप्रोई, नजर शेख अहमद, रजनीश पाण्डेय (रामकृष्ण पाण्डेय चैरिटेबल ट्रस्ट), और इसरार खान आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवेश मिश्रा द्वारा किया गया।
إرسال تعليق