सीएमओ ने किया जिला महिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
सुल्तानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर भारत भूषण ने जिला महिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण सरकार के सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान के तहत नहीं बल्कि विशेष राष्ट्रीय अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। यह टीका एचपीवी के टाइप 16 और 18 से सुरक्षा देता है, जो सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। यह टाइप 6 एवं 11 से भी बचाव करता है। सीएमओ ने बताया कि विशेषज्ञों का मानना है कि बड़ी संख्या में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के मामले हर साल आते हैं। प्रतिवर्ष लगभग 80 हजार महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से पीड़ित होती हैं, जिनमें से प्रतिवर्ष 42हजार महिलाओं की मौत हो जाती है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ संजय गुप्ता टीकाकरण अभियान के बारे में बताया कि टीकाकरण सभी वर्ग की बच्चियों के लिए जो 14 वर्ष पूर्ण कर ली हों और 15 वर्ष पूर्ण करने के पहले प्रत्येक कार्य दिवस में जिला महिला चिकित्सालय में 10:00 बजे से 2:00 बजे तक बच्चियों के अभिभावक की सहमति से लगाया जाएगा। यह टीकाकरण पूर्णतया निशुल्क है। टीकाकरण के समय आधार कार्ड ले आना अनिवार्य है। सुल्तानपुर की केएनआईसीई की छात्रा को पहला एचपीवी टीका लगाया गया जबकि दूसरा टीका रामकली बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा को लगाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला एवं पुरुष ने छात्रा को टीकाकरण का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
إرسال تعليق