अमेठी में चोकर से लदा ट्रक पलटा, चालक गंभीर रूप से घायल
केएमबी खुर्शीद अहमद
अमेठी। लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चोकर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना जगदीशपुर क्षेत्र के कमरौली स्थित गढ़ा के पास देर रात करीब तीन बजे हुई। बताया जा रहा है कि बिहार से चोकर लेकर पंजाब की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटने से चालक मुजस्सिर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज लखनऊ के अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।हादसे के समय ट्रक में चालक के साथ इरफान और मुजमिल, जो जम्मू-कश्मीर के निवासी बताए जा रहे हैं, भी सवार थे। दोनों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक में अधिक भार होना बताया जा रहा है। आशंका है कि अधिक वजन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक पलट गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुचारु कराया गया।
إرسال تعليق