⚡ ब्रेकिंग News

पात्रता परीक्षा और वरिष्ठता को लेकर उग्र हुए शिक्षक, बिछुआ में सड़कों पर उतरा शिक्षा जगत

पात्रता परीक्षा और वरिष्ठता को लेकर उग्र हुए शिक्षक, बिछुआ में सड़कों पर उतरा शिक्षा जगत

केएमबी ब्यूरो श्रावण कामड़े 
बिछुआ,11 अप्रैल 2026। अपनी लंबित मांगों को लेकर बिछुआ में शनिवार को अध्यापक-शिक्षकों का आक्रोश फूट पड़ा। शिक्षक पात्रता परीक्षा और प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता की मांग को लेकर सैकड़ों शिक्षक सड़कों पर उतरे और स्थानीय दशहरा ग्राउंड के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना स्थल पर सुबह से ही शिक्षकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। “न्याय दो-न्याय दो” और “वरिष्ठता हमारा अधिकार है” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला शिक्षकों की भी भागीदारी रही, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिली।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा से जुड़े हालिया निर्णयों ने वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग में प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा गणना ही न्यायसंगत है और इससे किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे कई शिक्षक अब सेवानिवृत्ति के करीब हैं, ऐसे में यदि उनकी वरिष्ठता और पात्रता को लेकर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो यह उनके साथ अन्याय होगा। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मोर्चा की कोर कमेटी और वरिष्ठ मार्गदर्शकों ने आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश इकाई के आह्वान पर 18 अप्रैल को होने वाले प्रदेश स्तरीय धरना, रैली और ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान राजेन्द्र करमेले, देवराव पवार, कैलाश खरपूसे, देवानंद नागरे, दया उइके, मनोज सांभारे, अनिल चौरे, अनिता पाटिल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। सैकड़ों शिक्षकों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब यह मुद्दा पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन बनता जा रहा है।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...