बेदौली मोड़ पर पुलिस-मुठभेड़ में ज्वेलरी लूटकांड का फरार आरोपी घायल, हथियार व लूटी गई बाइक बरामद
केएमबी मुकुल बरनवाल
मैरवा,सिवान। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैरवा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीरादेई थाना क्षेत्र के चर्चित ज्वेलरी लूटकांड में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी श्रीनिवास सिंह के पुत्र अंकित सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, दो खोखा तथा लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जीरादेई ज्वेलरी लूटकांड में शामिल एक फरार अपराधी उत्तर प्रदेश की तरफ से सिवान जिले में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही मैरवा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। इसी दौरान बेदौली मोड़ स्थित छठ घाट के समीप एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, रुकने का इशारा मिलते ही बाइक सवार अपराधी ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी 6 मई 2026 को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित “ओम साई बर्तन एवं ज्वेलर्स” दुकान में हुई सनसनीखेज लूटकांड में शामिल था। घटना के दौरान अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की थी। तीन फायर दुकान के अंदर किए गए थे, जबकि एक फायरिंग लूट के बाद मोटरसाइकिल छीनने के दौरान की गई थी।
बताया जाता है कि अंकित सिंह के खिलाफ रसूलपुर, मांडी, रघुनाथपुर और जीरादेई थाना में सीएसपी लूट, ज्वेलरी दुकान लूट और अन्य आपराधिक मामलों के लगभग आधा दर्जन केस दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए बड़ा संदेश है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
إرسال تعليق