गोमिया ड्रेन में छलांग लगाए युवक का शव एसडीआरएफ और गोताखोरों ने किया बरामद
अमेठी। मोहनगंज थाना क्षेत्र में नहर और ड्रेन में छलांग लगाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक माह के भीतर करीब आधा दर्जन ऐसी घटनाओं के बीच मंगलवार को एक और मामला सामने आया। नागपंचमी के अवसर पर अहमदाबाद से अपनी ससुराल पहुंचे 35 वर्षीय युवक सीताराम ने गोमिया ड्रेन में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के लगातार प्रयास के बाद बुधवार को उसका शव बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी सीताराम पुत्र राजाराम नागपंचमी के अवसर पर मोहनगंज थाना क्षेत्र के खानापुर चपरा गांव स्थित पूरे तिवारी में अपनी ससुराल आया था। सीताराम दो बच्चों का पिता था। ग्रामीणों के मुताबिक वह बीमारी से भी ग्रस्त था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को ससुराल में किसी मामूली बात को लेकर नाराजगी हुई। इसके बाद युवक अचानक घर से निकलकर दौड़ते हुए ससुराल के किनारे से बह रहे गोमिया ड्रेन में कूद गया। घटना से परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई गई। ड्रेन में पानी अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया। बुधवार को लगातार चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया।
मोहनगंज के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू कराई गई, जिसके बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की सहायता ली गई। लगातार अभियान चलाकर युवक को बरामद कर लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक माह में मोहनगंज थाना क्षेत्र के आसपास नहर और नालों में छलांग लगाने की करीब आधा दर्जन घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
إرسال تعليق