⚡ ब्रेकिंग News

विद्युत विभाग की लापरवाही से युवक चढ़ा मौत की भेंट, 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल

विद्युत विभाग की लापरवाही से युवक चढ़ा मौत की भेंट, 11 हजार वोल्ट की लाइन बनी काल

केएमबी खुर्शीद अहमद 
 तिलोई (अमेठी)। तिलोई तहसील के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत में रोजमर्रा का कार्य कर रहे एक युवक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसा विद्युत उपकेंद्र सेमरौता के अंतर्गत लंगोटीपुर मजरे रवलिया मंझियार गांव में हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी संदीप यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार संदीप अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे। परिवार की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से लोगों के लिए खतरा बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत लाइन के रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा महज दुर्घटना था या इसमें किसी स्तर पर लापरवाही भी जिम्मेदार है।

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...