पोस्टमार्टम हाउस के पास डिवाइडर बना जानलेवा, फिर हुआ सड़क हादसा
देवरिया। देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाउस के समीप बना डिवाइडर एक बार फिर सड़क हादसे का कारण बन गया। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक परिवार बाइक से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर के पास जा गिरा। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी टंकी फट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल परिवार को सड़क से सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल भेजा। समय रहते लोगों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि पोस्टमार्टम हाउस के सामने स्थित यह डिवाइडर लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। सड़क पर पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड न होने के कारण रात के समय वाहन चालकों को डिवाइडर का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस स्थान का स्थलीय निरीक्षण कर डिवाइडर की उपयोगिता की समीक्षा की जाए। यदि आवश्यक हो तो इसे हटाया जाए या फिर सुरक्षा मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
إرسال تعليق