सदर-2 के नए एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने संभाला पदभार, शराब तस्करों पर कसेगा शिकंजा
सीवान। सीवान सदर-2 अनुमंडल के नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्ता ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। खासकर शराब तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने की बात कही गई है। एसडीपीओ ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की जाएगी। टीम द्वारा संवेदनशील इलाकों, शराब तस्करी से जुड़े संभावित मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। अनुमंडल क्षेत्र में शराब तस्करी को लेकर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। नए एसडीपीओ ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
तस्करों की संपत्ति जब्ती की तैयारी
शराब के अवैध कारोबार से जुड़े तस्करों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित कार्रवाई नहीं, बल्कि उनकी अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई की तैयारी है। शराब तस्करों की संपत्ति जब्ती के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की बात कही गई है। इससे शराब के धंधे में सक्रिय लोगों में हड़कंप की स्थिति है। नए एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि शराब तस्करी और अपराध नियंत्रण में किसी थाना स्तर से लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी समीक्षा की जाएगी। थानों की कार्यप्रणाली, गश्ती व्यवस्था, वाहन जांच और अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर वरिष्ठ अधिकारियों की नजर रहेगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों की जांच करने तथा सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। एसडीपीओ पदभार ग्रहण करने के बाद शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत से अनुमंडल क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में विशेष टीम की कार्रवाई का असर जमीन पर कितना दिखाई देता है।
Post a Comment