पांच लूटे मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार, तमंचा दिखाकर मोबाइल और सामान लूटने का आरोप, दो बाल अपचारी भी हिरासत में
अमेठी। संग्रामपुर पुलिस ने मोबाइल लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया है, जिनके पास से तीन मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद बरामद किए गए। वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी के निर्देश पर संग्रामपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विशाल कश्यप (26) को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बाल अपचारियों ने बताया कि वे तमंचा दिखाकर राहगीरों से मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटते थे। आरोपियों ने 1 अक्टूबर को धनापुर मोड़ के पास एक महिला से पर्स लूटने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार पर्स में सैमसंग मोबाइल फोन और 1,200 रुपये थे। लूट के बाद पर्स और आधार कार्ड रास्ते में फेंक दिया गया था।पुलिस की पूछताछ में रायबरेली और सलोन-उंचाहार मार्ग पर भी मोबाइल लूट की घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार विशाल कश्यप कथित रूप से लूटे गए मोबाइल फोन को अनलॉक कराने के बाद बेचता था।पुलिस ने बरामद पांचों मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
إرسال تعليق