शोक की घड़ी में नूर मोहम्मद के घर पहुंचे सांसद किशोरी लाल शर्मा
अमेठी। विकास खंड जगदीशपुर क्षेत्र के ग्राम सभा माहेमऊ के बादल पुरवा गांव में रविवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा शोक संवेदना व्यक्त करने पूर्व प्रधान नूर मोहम्मद के आवास पहुंचे। सांसद ने नूर मोहम्मद की पत्नी के हाल ही में हुए निधन पर गहरा दुःख जताते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पूर्व नूर मोहम्मद की धर्मपत्नी का इंतकाल हो गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। मरहूमा की नमाज़-ए-जनाज़ा आबाई कब्रिस्तान बादल पुरवा में अदा की गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया। रविवार को सांसद किशोरी लाल शर्मा नूर मोहम्मद के घर पहुंचे और परिवार के बीच बैठकर दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। इस दौरान सांसद ने नूर मोहम्मद परिवार से अपने पुराने संबंधों को भी याद किया और उन्हें धैर्य बनाए रखने की बात कही। सांसद के आगमन की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। एक ओर शोक का माहौल रहा, तो दूसरी ओर सांसद की मौजूदगी ने परिवार को सामाजिक और मानवीय संबल दिया। ग्रामीणों ने सांसद के इस कदम को संवेदनशीलता और पुराने रिश्तों के सम्मान की मिसाल बताया। क्षेत्र में इस मुलाकात को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा। लोगों का कहना है कि शोक की घड़ी में सांसद का घर पहुंचना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक जुड़ाव और राजनीतिक संस्कार का परिचायक है।
Post a Comment