⚡ ब्रेकिंग News

हापुड़ में धूमधाम से मनाई गई मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती, सपाइयों ने लिया 2027 में सरकार बनाने का संकल्प

हापुड़ में धूमधाम से मनाई गई मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती, सपाइयों ने लिया 2027 में सरकार बनाने का संकल्प

पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में हुआ हवन-पूजन, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित

 केएमबी अरुण बेनीवाल
हापुड़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती रविवार को जनपद हापुड़ स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने किया।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन कर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

जयंती के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के समाजवादी विचारों, उनके राजनीतिक योगदान और पार्टी के उत्थान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के हितों के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और संघर्ष समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान करते हुए वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ से अपने भावपूर्ण संदेश में श्रद्धेय नेताजी को नमन करते हुए कहा कि उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को और अधिक दृढ़ता से आत्मसात कर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय करने का संकल्प दोहराना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नेताजी से सबसे सरल और महत्वपूर्ण सीख यह मिली कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। यदि कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने यह भी सिखाया कि संभव है कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव में विरोधी बन गया हो, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि वह हमेशा बुरा है। यदि कोई सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए कदम बढ़ाए तो उसे स्वीकार करने में पीछे नहीं हटना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भूषण त्यागी, पदम सिंह, जयवीर सिंह, रेशमा यादव, सीमा तनेजा, दीपिका चुग, धीरज प्रताप सिंह, मो. बिलाल, कुंवर आजम अली, फारुख अब्दुल चौधरी, ऋषभ तोमर, आसिम चौधरी, साजिद चौधरी, श्याम सुंदर, अरुण ढाका, मीनू शर्मा, हम्माद मतीन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...