भीषण अग्निकांड: ग्राम सभा करन गांव में 35 से 40 बीघा से अधिक फसल राख, किसानों के नाम सामने आए
तिलोई,अमेठी। तिलोई विधानसभा क्षेत्र के सिंहपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा करनगांव के पूरे पहाड़ गांव में हुए भीषण अग्निकांड में 35 से 40 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से क्षेत्र के किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार दोपहर अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे किसानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
इस अग्निकांड में जिन किसानों की फसल जली है, उनमें नफीस, रेहान, इरफान (पुत्र बकरीदी), इलियास (पुत्र मुशिर), कलीम, अतीक (पुत्र शमीम), दीपक (पुत्र देवीलाल), रामराज, धर्मेंद्र, रामप्रताप, महादेव, रामफेर, ओम प्रकाश, विजय बहादुर, महावीर सहित अन्य किसान शामिल हैं।फसल की बर्बादी ऐसे समय हुई है जब कटाई शुरू होने ही वाली थी, जिससे किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।इस संबंध में तहसीलदार अभिषेक यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच के उपरांत प्रभावित किसानों को शासन की ओर से शीघ्र राहत सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही आग लगने के कारणों की भी जांच कराई जा रही है।
Post a Comment