मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मौका, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां: डीएम कविता मीना
हापुड़। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम विलोपन तथा मतदाता विवरण में संशोधन कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नाम जुड़वाने के लिए मतदाताओं को नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं निवास प्रमाण से संबंधित स्व-प्रमाणित दस्तावेज साथ लाने होंगे। मतदाता सूची में अपना नाम बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, निर्वाचक नामावली पोर्टल अथवा ईसीनेट और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी जांचा जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्म-6 और फार्म-8 ऑनलाइन माध्यम से पोर्टल तथा संबंधित मोबाइल ऐप के जरिए भी जमा किए जा सकते हैं। उन्होंने मतदाताओं से फार्म भरते समय नाम, मोबाइल नंबर, पिन कोड सहित पता सही दर्ज करने और आवश्यक दस्तावेज एवं नवीनतम फोटो अपलोड करने की अपील की। जिलाधिकारी कविता मीना ने जनपदवासियों से आग्रह किया कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पड़ोसियों को भी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करें, जिससे प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित हो सके।
Post a Comment