जनगणना-2027 को लेकर मीडिया कार्यशाला आयोजित, पत्रकारों ने स्वयं पूरी की स्वगणना प्रक्रिया
सुलतानपुर, 18 नवंबर। जनगणना-2027 के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने और स्वगणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में पत्रकारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं, 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित होगा। कार्यशाला में यूथ स्पोर्ट्स एंड कम्युनिटी मीडिया डे की थीम के तहत मीडिया की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सभी मीडिया प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर आमजन को भी इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता प्रत्येक नागरिक की सहभागिता पर निर्भर करती है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया आमजन तक सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
जिलाधिकारी ने सभी पत्रकारों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए स्वगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाएं और अधिक से अधिक लोगों को इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
Post a Comment