पत्नी की मौत के 23 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, न्याय की मांग को लेकर तहसील तिलोई में भूख हड़ताल
तिलोई/अमेठी। निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान पत्नी की मौत के मामले में कथित तौर पर कार्रवाई न होने से आहत पीड़ित पति ने न्याय की मांग को लेकर तहसील तिलोई परिसर में भूख हड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के 23 दिन बाद भी संबंधित अस्पताल और वहां कार्यरत डॉक्टरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी से नाराज होकर पीड़ित ने समर्थकों के साथ प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं।
मामला ग्राम पूरे भुलैया, मजरे टिकरी, थाना शिवरतनगंज, तहसील तिलोई, जनपद अमेठी का है। पीड़ित राजकुमार के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे वह अपनी 26 वर्षीय पत्नी अवधेश कुमारी को प्रसव के लिए खम्मन लाइफ लाइन हॉस्पिटल, आजादपुर लेकर पहुंचा था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। आरोप है कि रात करीब नौ बजे ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने परिजनों को लड़का पैदा होने की जानकारी दी।
पीड़ित का आरोप है कि प्रसव के करीब चार से पांच घंटे बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने पत्नी की हालत गंभीर बताई। इसके बाद बिना समुचित जानकारी दिए डॉक्टर अपनी निजी कार से उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाने लगे। रास्ते में अस्पताल पहुंचने से पहले ही गेट पर चालक ने पत्नी की मौत होने की जानकारी दी। पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद चालक के पास किसी का फोन आया और फिर एंबुलेंस के माध्यम से शव को उनके ससुराल डांगी बरवलिया भेज दिया गया।
पीड़ित राजकुमार का कहना है कि काफी भागदौड़ और मशक्कत के बाद 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:15 बजे एफआईआर संख्या 0098, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 के तहत दर्ज की गई। उनका आरोप है कि मुकदमा दर्ज हुए 23 दिन बीत जाने के बावजूद संबंधित अस्पताल और प्रसव कराने वाले डॉक्टरों के विरुद्ध अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पीड़ित परिवार खुद को न्याय से वंचित महसूस कर रहा है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़ित ने प्रशासन के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें संबंधित अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर उसे सीज करने, प्रसव कराने वाले डॉक्टरों की डिग्री निरस्त कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार 30 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग शामिल है। पीड़ित को न्याय दिलाने के समर्थन में जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र भारती, सपा नेता मोहम्मद मुस्लिम, देवेंद्र भीमराज, देवा रावत, प्रदीप मौर्य, विनोद मौर्य, अरुण अंबेडकर और सुनील पासी सहित करीब 300 से अधिक समर्थक तहसील तिलोई परिसर पहुंचे। समर्थकों ने पीड़ित परिवार की मांगों का समर्थन करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग उठाई। फिलहाल पीड़ित परिवार की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में कब तक ठोस कार्रवाई होती है।
Post a Comment