लखपति दीदी योजना की समीक्षा में लापरवाही पर तीन अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
सुलतानपुर, 16 नवम्बर। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत लखपति दीदी कार्यक्रम एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वयं सहायता समूहों के गठन, लखपति दीदी, रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड, बैंकिंग सुविधाओं, ई-केवाईसी तथा महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की विकासखंडवार समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने कम प्रगति वाले विकासखंडों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में धनपतगंज, दोस्तपुर एवं जयसिंहपुर के सहायक विकास अधिकारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं, बिना पूर्व सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर अखण्डनगर, कूरेभार एवं कुड़वार के सहायक विकास अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
सीडीओ ने पात्र महिलाओं का चिन्हांकन कर उन्हें विभिन्न रोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, समूह सदस्यों और सामुदायिक कैडरों का समयबद्ध प्रशिक्षण कराने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को अपनी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि स्वयं सहायता समूहों की पात्र महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला मिशन प्रबंधक, सहायक विकास अधिकारी एवं ब्लॉक मिशन प्रबंधक उपस्थित रहे।
Post a Comment