मस्जिद से निकले इमाम पर हमला, गाड़ी में उठाकर सुनसान जगह ले गए आरोपी
गलत नमाज़ के आरोप पर बवाल, सलीम समेत चार पर मुकदमा दर्ज
अमेठी। थाना क्षेत्र जगदीशपुर में नमाज़ पढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सनसनीखेज वारदात में बदल गया है। ग्राम इटरौर की मस्जिद में इमामत कर रहे युवक के साथ पहले गाली-गलौज और विवाद किया गया, फिर देर शाम कथित तौर पर उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने वीडियो बनाकर “एक्सीडेंट” दिखाने और जान से मारने तक की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर जगदीशपुर पुलिस ने नामजद आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मु. अहमद पुत्र असगर अली, निवासी निसूरा, थाना जगदीशपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह ग्राम इटरौर की मस्जिद में इमामत कर नमाज़ पढ़ाते हैं। उनके अनुसार, 1 अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे नमाज़ के बाद दावत में आए सलीम निवासी बड़ागांव कोट ने उन पर “गलत नमाज़ पढ़ाने” का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और विवाद शुरू कर दिया। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन रात होते-होते मामला हिंसक रूप ले बैठा।पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब 8:30 बजे, जब वह बाहर जा रहे थे, तभी आरोपी सलीम अपने तीन अन्य साथियों के साथ पहुंचा और उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां लात-घूंसों से जमकर मारपीट की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना जगदीशपुर पुलिस ने मामले में मारपीट, धमकी, गाली-गलौज और जबरन ले जाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा, दहशत और नाराजगी का माहौल है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब नमाज पढ़ाने वाले इमाम तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी खुद को कितना महफूज़ समझे?यह सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि समाज की तहज़ीब, अमन और इंसानियत पर भी चोट है। जो शख्स लोगों को नमाज़ और नेक राह की दावत देता हो, अगर वही दबंगई और हिंसा का शिकार हो जाए, तो यह दौर सचमुच फिक्र करने वाला है। आज हालात यह हैं कि लोग न रिश्ते देख रहे हैं, न मजहबी अदब, न समाज की मर्यादा, बस गुस्सा, अहंकार और दबंगई हावी होती जा रही है। अब लोगों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आरोपियों पर कितनी सख्त कार्यवाही होती है।
Post a Comment