बेकाबू ट्रैक्टर गुमटी में घुसा, बुजुर्ग की मौत के बाद भड़का आक्रोश; पथराव में ASI समेत दो पुलिसकर्मी घायल
केएमबी मुकुल बरनवाल
दरौली, सीवान। सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर गांव में रविवार को बालू लदे एक बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से 70 वर्षीय महेश बिन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया, जिसमें एएसआई अभिषेक कुमार और सिपाही चंदन यादव घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालू लदा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित महेश बिन की गुमटी में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे महेश बिन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस की कार्रवाई और ट्रैक्टर का पीछा किए जाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन उग्र हो गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में एएसआई अभिषेक कुमार और सिपाही चंदन यादव घायल हो गए, जबकि पुलिस के एक सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है तथा घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किया गया। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, हिंसा फैलाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद टोका नारायणपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना रहा। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। वहीं, पुलिस ट्रैक्टर चालक, दुर्घटना के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Post a Comment