सीवान में बुलेट अंसारी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
केएमबी मुकुल बरनवाल
सीवान। नौतन थाना क्षेत्र के ठाकुर के रामपुर गांव में हुए चर्चित बुलेट अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दावा किया है कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 की रात करीब 9:15 बजे नौतन थाना को सूचना मिली कि ठाकुर के रामपुर गांव में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुलेट अंसारी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल बुलेट अंसारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर नौतन थाना में कांड संख्या 162/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना और विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में ठाकुर के रामपुर निवासी 29 वर्षीय प्रशांत श्रीवास्तव उर्फ नन्हे श्रीवास्तव तथा 24 वर्षीय विकास पटेल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रशांत श्रीवास्तव के विरुद्ध नौतन थाना में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी विकास पटेल के खिलाफ इस मामले के अलावा अन्य कोई आपराधिक इतिहास नहीं पाया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। साथ ही घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी अभियान में मैरवा अंचल निरीक्षक राकेश वर्मा, नौतन थाना के पुलिस पदाधिकारी, डीआईयू टीम के सदस्य तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
Post a Comment