खेत में मिला 85 वर्षीय वृद्ध महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी,10 दिन पहले मायके आई थी वृद्ध महिला
अमेठी। जायस थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक 85 वर्षीय वृद्धा का शव खेत में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, ग्राम आलमपुर निवासी प्रमोद कुमार पासी ने सूचना दी कि उनकी बुआ गया देवी (85), पत्नी प्यारे लाल, मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के गुम्भी आइमा गांव की रहने वाली थीं। वह करीब 10 दिन पहले अपने मायके आलमपुर आई थीं। परिजनों के मुताबिक वृद्धा मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। सोमवार सुबह ग्राम पूरे वोलई के उत्तर दिशा में स्थित आरजीपीटीआई के पीछे रेलवे लाइन से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में उनका शव पड़ा मिला। खेत में शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई.
थाना जायस पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वृद्धा भटकते हुए खेत तक पहुंच गई होंगी।बहालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment