शासकीय महाविद्यालय बरघाट में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का आयोजन
बरघाट। शासकीय महाविद्यालय बरघाट में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री जुगल किशोर पांडे उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रह्माकुमारी संस्थान से नेहा दीदी स्टॉफ से पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप त्रिवेदी, डॉ. आरती भीमटे, प्रो. संगीता उइके तथा प्रो. पूनम ठाकुर धुर्वे की उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन एवं महर्षि गुरु सांदीपनि के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री जुगल किशोर पांडे का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने गुरु महिमा पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि श्री जुगल किशोर पांडे ने अपने उद्बोधन में भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि जीवन के आदर्शों एवं संस्कारों का भी मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण कर चरित्रवान एवं उत्तरदायी नागरिक बनने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि नेहा दीदी ने आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्ति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं मूल्यपरक जीवन अपनाने का आग्रह किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बी.एल. इनवाती ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए मधुर लय एवं ताल में प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं भक्तिमय हो गया। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरु के प्रति श्रद्धा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रो. पंकज गहरवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रो. छत्रपाल सिंह जाटव ने किया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर डॉ. प्रदीप त्रिवेदी, डॉ. आरती भीमटे, मानेश्वर बिसेन, प्रो. छत्रपाल सिंह जाटव, प्रो. संगीता उइके, श्रीमती सुनीता साहू तथा जनपद पंचायत बरघाट से श्री जितेंद्र रजक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लोकेश हुमनेकर, अंजली पटले, तुलसी पारधी, प्रिंसी राहंगडाले, शुभम गोमेश्वर, दीपक राहंगडाले, कीर्ति, रचिता पांडे तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ स्वयंसेवक नवदीप मेश्राम, मोहित नरेती, सागर मेश्राम, चमन धाकड़ एवं रागिनी राहंगडाले सहित सभी स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
Post a Comment