प्रभारी मंत्री प्रतिभा शक्ला ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यक्रमों तथा कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने सोलर रूफटॉप, विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर, गड्ढा मुक्त सड़कें, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, निराश्रित गोवंश संरक्षण, स्वास्थ्य सेवाएं, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस, टीकाकरण, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, स्वच्छ भारत मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह, पेंशन योजनाएं, कन्या सुमंगला, ओडीओपी, रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण एवं आईजीआरएस शिकायतों सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को प्रगति तेज करने के निर्देश दिए।कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने हत्या, लूट, महिला उत्पीड़न, दुष्कर्म, अपहरण, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, रासुका तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें तथा सभी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और जन शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया जिलाधिकारी संजय चौहान ने भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
Post a Comment