अमेठी में शादी की खुशियां मातम में बदली: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, भाभी और बहन गंभीर घायल
जगदीशपुर/अमेठी। रानीगंज-वारिसगंज मार्ग पर भीखनपुर के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय श्याम बहादुर (निवासी लुसई का पुरवा, मुसाफिरखाना) की मौत हो गई। हादसे में उनकी भाभी सनी कुमारी (40) और बहन ऊषा (17) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार जगदीशपुर के दिछौली गांव में एक शादी समारोह से शामिल होकर वापस लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार मुर्गी दाना लदे पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, मृतक श्याम बहादुर के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शुक्रवार को रिश्तेदार उन्हें देखने आने वाले थे, लेकिन एक दिन पहले हुए इस भीषण हादसे ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया। सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment