गढ़ गंगा कार्तिक मेला सकुशल सम्पन्न कराने को पुलिस ने कसी कमर
गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़। गढ़ गंगा कार्तिक मेला-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन ने मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एडीजी ने पुलिस गार्द की सलामी भी ली।
गार्द सलामी के बाद एडीजी मेरठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ की मौजूदगी में मेला स्थल पर बनाई गई अस्थायी पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों के साथ गोष्ठी की। इसमें मेले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
गोष्ठी के दौरान मेला ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं घाट प्रभारियों तथा सेक्टर और जोनल प्रभारियों को ब्रीफ किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि गढ़ गंगा कार्तिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराते हुए मेले को सकुशल संपन्न कराना है।
Post a Comment