आरआर पीजी कॉलेज में रोजगार मेला, 50 से अधिक कंपनियां पहुंचीं, 1000 युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य, 5000 रिक्त पदों पर भर्ती
अमेठी। आरआर पीजी कॉलेज परिसर में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गुरुवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 50 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया और करीब 1000 से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पंजीकरण व साक्षात्कार के लिए पहुंचे। जिला सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में ऑटोमोबाइल, हॉस्पिटैलिटी, सेल्स, टेक्निकल और अन्य निजी क्षेत्रों की कंपनियां शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार, लगभग 5000 रिक्त पदों के साथ कंपनियां युवाओं का मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन कर रही थीं। कई अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन भी किया गया।कार्यक्रम में पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री अमित सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर युवा को उसकी योग्यता के अनुसार अवसर मिले। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए।मेले में शामिल युवाओं ने बताया कि एक ही स्थान पर कई कंपनियों के आने से उन्हें बेहतर विकल्प मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
Post a Comment