इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़: मोबाइल-चेन स्नैचिंग का आरोपी घायल, जवाबी कार्रवाई में सोहेल के पैर में लगी गोली, साथी आमिर फरार
केएमबी ब्यूरो कैलाश चंद
गाजियाबाद, सोमवार 21 सितंबर 2026। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने सोमवार रात कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, रुकने के बजाय दोनों बाइक तेज गति से भगाकर 5/6 की पुलिया की ओर जाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल आरोपी की पहचान सोहेल निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सोहेल ने बताया कि करीब 15 दिन पहले थाना इंदिरापुरम क्षेत्र की वसुंधरा चौकी के अंतर्गत मोबाइल स्नैचिंग की घटना में वह शामिल था। पुलिस के अनुसार सोहेल और उसका फरार साथी आमिर मिलकर इंदिरापुरम समेत दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा ब्लैक कलर की ड्यूक बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार बाइक दिल्ली से चोरी की गई बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सोहेल के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी आमिर की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Post a Comment