सेवा की होली: समाजसेविका कंचन गुप्ता ने गरीब बस्तियों में मनाई होली
मानवता के रंगों से सजी होली: सैकड़ों जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
अमेठी। जनपद की प्रख्यात समाजसेविका कंचन गुप्ता ने इस वर्ष होली को केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार का पर्व बना दिया। उन्होंने गरीब बस्तियों में पहुंचकर बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के साथ होली मनाई और उनके बीच खुशियों की सौगात बांटी।होली के अवसर पर समाजसेविका कंचन गुप्ता ने बच्चों को मिठाइयाँ, रंग-बिरंगी पिचकारियाँ और नए कपड़े वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान ने माहौल को भावुक और उत्सवमय बना दिया। कई बच्चों ने पहली बार नए कपड़े पहनकर होली खेलने की खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर समाजसेविका कंचन गुप्ता ने कहा कि त्योहारों का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होता है जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक भी खुशियां पहुंचें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के बीच समय बिताना और उनके साथ पर्व मनाना उनके लिए सबसे बड़ा सुख है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और समरसता को मजबूत करते हैं।
होली के पावन अवसर पर गरीब बस्तियों में खुशियों के रंग भरकर कंचन गुप्ता ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची होली वही है, जहां सेवा और मानवीय संवेदनाएं साथ हों।
Post a Comment