डॉ राजीव शुक्ला की अमानवीय कार्यप्रणाली के सम्बन्ध में जिलाधिकारी को ज्ञापन
अमेठी। जिला चिकित्सालय में कार्यरत हड्डी रोग के चिकित्सक डॉ राजीव शुक्ला की अमानवीय, क्रूरतापूर्ण, असभ्य और निंदनीय कार्यप्रणाली के सम्बन्ध में प्रेस क्लब जिलाधिकारी अमेठी को ज्ञापन देकर अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग किया है। ज्ञापन की प्रति जिले के प्रभारी मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष भाजपा, सीएमओ व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को भी भेजी गई है । प्रेस क्लब की ओर से आरोप लगाया गया है कि वे मरीजों और उनके तीमारदारों से दुर्व्यवहार, गाली गलौज और मारपीट तक करने के लिए मशहूर हैं। प्रेस क्लब का आरोप है कि डॉ शुक्ला सरकार की स्वास्थ्य नीति, मंशा और व्यवस्था को दर किनार कर मरीजों को बाहर से दवा खरीदने को मजबूर करते हैं। वे अस्पताल की सरकारी दवाओं को कूड़ा, करकट बताकर इनको खाने पर ठीक नहीं होने की बात करते हुए बाहर की दवा लिखते हैं। प्रेस क्लब का आरोप है कि वे सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर ही लांछन व आरोप लगाया करते हैं। श्री शुक्ला चेंबर में न बैठकर बाहर मेडिकल स्टोर पर बैठकर मरीजों का इलाज करते हैं। प्रेस क्लब के महामंत्री योगेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में अपनी रिपोर्ट देने के लिए निर्देश देते हुए प्रभावी अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के लिए प्रेस क्लब को आश्वस्त किया है।
Post a Comment