ब्लॉक संसाधन केंद्र गौरीगंज में "हमारा आंगन_हमारे बच्चे"
कार्यक्रम का हुआ आयोजन
अमेठी। ब्लॉक संसाधन केंद्र गौरीगंज में “हमारा आंगन–हमारे बच्चे” कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार गौरीगंज अनुश्री त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह तथा एडीओ कौशलेंद्र चंदेल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके पश्चात बच्चों ने योग प्रदर्शन, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर आधारित नाटक तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालयों में पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ बनाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा, जिससे बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा मिल सके। नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी ने परिषदीय विद्यालयों में हो रहे सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है और वे स्वयं भी अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालय में कराने के लिए प्रेरित हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों से समन्वय स्थापित कर पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के बौद्धिक और सामाजिक विकास की मजबूत नींव होती है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न न्याय पंचायतों द्वारा पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से संबंधित टीएलएम शैक्षिक सामग्री तथा अंडर-बॉक्स आदि के स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने सराहा। इस मौके पर आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित उत्कृष्ट बच्चों तथा प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित निपुण बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एआरपी हरिकेश, अरविंद, विष्णुकांत, बद्री विशाल, प्रमोद तिवारी, विवेक शुक्ला, आलोक, अश्वनी, अमित, ओमेंद्र, श्रीराम सोनी, अभिषेक, विशाल, अर्चना सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment