अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद
सुलतानपुर, 14 जून। पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में सुलतानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है। गिरोह के सदस्य लंबे समय से सुलतानपुर एवं पड़ोसी जनपदों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कुड़वार थाना पुलिस एवं एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर किरतूपुर कला तिराहा क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद अहमद, अजीम कुरैशी, मो. आदिल तथा अजय कुमार कोरी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी करने से पहले वे कई दिनों तक संभावित मकानों और आसपास के क्षेत्रों की रेकी करते थे। वारदात के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते थे ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। चोरी के बाद माल को ठिकाने लगाने के लिए सुनारों की मदद ली जाती थी। पुलिस ने मामले में एक सर्राफा कारोबारी की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने हाल ही में कोतवाली नगर क्षेत्र में डॉक्टर संजय मिश्रा के आवास पर हुई बड़ी चोरी सहित जयसिंहपुर, कुड़वार तथा प्रतापगढ़ जनपद के कई क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। कई घटनाओं का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया गया।
बरामदगी में शामिल हैं—
₹2.40 लाख नकद
सोने के चार हार, अंगूठियां, झुमके, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण
चांदी के पायल, बिछिया, कमरबंद व अन्य जेवरात
चोरी में प्रयुक्त उपकरण
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व में भी चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के सदस्यों का आपराधिक इतिहास सुलतानपुर समेत अन्य जनपदों में भी रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कुड़वार थाना प्रभारी प्रवीण कुमार यादव, एसओजी टीम प्रभारी शिवनारायण, उपनिरीक्षक दिनेश यादव, उपनिरीक्षक अभिनव चंद्र तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश जारी है।
Post a Comment