खेत में लगे करंट तार में दौड़ रहे करंट ने ली किशोरी की जान
अमेठी। मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए खेत की घेराबंदी में लगाए गए करंटयुक्त कंटीले तार की चपेट में आने से एक किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। निर्मला (पुत्री स्वर्गीय राम नरेश पासी) अपनी सहेली के साथ आम बीनने गई थी। सड़क किनारे स्थित खेत में फसल सुरक्षा के नाम पर खेत स्वामी प्रशांत तिवारी द्वारा तारों में 'झटका मशीन' के जरिए अवैध रूप से करंट प्रवाहित किया गया था। तार की चपेट में आते ही निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी खेत स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से ऐसे अवैध करंट वाले तारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है।
Post a Comment